General

जाति, धर्म, देश — तुमने क्या चुना था?

तुम जिन चीज़ों पर सबसे ज़्यादा गर्व करते हो — क्या वो तुमने चुनी थीं? या बस थमा दी गई थीं?

TH Desk · 06 Jun 2026 · General

एक बच्चा पैदा होता है। वो रोता है, उसकी आँखें दुनिया को पहली बार देखती हैं, हाथ-पैर हिलाता है, माँ का दूध पीता है। उस वक्त उसके पास कुछ नहीं होता — न कोई नाम, न जाति, न धर्म, न दुश्मन । वो सिर्फ एक इंसान होता है — नंगा, भूखा, और पूरी तरह बेखबर, जिज्ञासा से भरा हुआ । 

फिर धीरे-धीरे उसके चारों तरफ एक दुनिया बनाई जाती है। उसे बताया जाता है — “तुम फलाँ जाति के हो।” “तुम्हारा धर्म यह है।” “यह तुम्हारा देश है।” “यह तुम्हारी भाषा है।” “यह तुम्हारे भगवान हैं।” “ये तुम्हारे अपने हैं” “यह तुम्हारे दुश्मन हैं।”

और बच्चा — जो अभी कुछ भी नहीं जानता — इन सबको सच मान लेता है  जैसे सूरज का उगना सच है। क्योंकि जब चारों तरफ से एक ही बात आए, तो कोई भी मान लेगा।

क्योंकि उसे कोई और रास्ता पता ही नहीं और जो लोग उससे प्यार करते हैं, वही ये बातें बता रहे हैं। बच्चे के लिए प्यार और सच्चाई में फर्क करना सबसे मुश्किल काम होता है।

अब असल सवाल यह है कि — क्या तुम अभी भी वही बच्चे हो?

तुम जिन चीज़ों पर सबसे ज़्यादा गर्व करते हो, जिन्हें अपनी “असली पहचान” कहते हो — क्या वो तुमने खुद चुनी थीं? या बस थमा दी गई थीं, और तुमने बिना सोचे मान लीं?

जो चीज़ तुमने चुनी नहीं, उस पर गर्व किस बात का?

ज़रा रुको और सोचो। तुम्हारी जाति — क्या तुमने वो चुनी? नहीं। वो तुम्हें जन्म से मिली। तुम्हारा धर्म — क्या तुमने वो चुना? नहीं। वो तुम्हारे माँ-बाप का था, उनके माँ-बाप का था। तुम्हारा देश — क्या तुमने वो चुना? नहीं। तुम जहाँ पैदा हुए, वो देश हो गया। तुम्हारी भाषा, तुम्हारे त्यौहार, तुम्हारे रीति-रिवाज — इनमें से एक भी तुमने नहीं चुना।

फिर भी हम इन्हीं चीज़ों पर सबसे ज़्यादा गर्व करते हैं। इन्हीं के लिए दंगे होते हैं। इन्हीं के नाम पर नफ़रत फैलती है। इन्हीं के लिए लोग मरते हैं — और मारते भी हैं।

जो चीज़ तुमने बनाई नहीं, जो तुमने कमाई नहीं, जो तुमने सोच-समझकर चुनी नहीं — उस पर गर्व करना उतना ही है जितना किसी और की मेहनत का श्रेय खुद लेना। 

दुनिया के मशहूर दार्शनिक John Rawls ने एक बहुत ज़रूरी concept दिया था — “Veil of Ignorance” (अज्ञानता का पर्दा)। उनका कहना था: मान लो तुम्हें यह पता नहीं है कि तुम किस जाति में, किस देश में, किस परिवार में पैदा होगे। इस हालत में तुम कैसा समाज चाहोगे?12

ज़्यादातर लोगों का जवाब होगा — ऐसा समाज जहाँ सबको बराबर मौका मिले। जहाँ जन्म से नहीं, काम से इज़्ज़त मिले। यानी अगर तुम honest हो तो खुद तुम भी जानते हो — जन्म की बात पर गर्व करना ज़्यादा logical नहीं है।

DNA में कोई जाति नहीं होती — विज्ञान क्या कहता है

अगर विज्ञान की बात करें तो — जाति शरीर में कहीं नहीं है। खून में नहीं। हड्डी में नहीं। DNA में नहीं। यह सिर्फ एक सामाजिक label है जो इंसानों ने बनाया और एक-दूसरे को चिपकाता रहा।

70,000 साल पहले एक ज्वालामुखी विस्फोट (Toba Catastrophe) में पूरी मानव जाति लगभग खत्म हो गई थी। बचे शायद कुछ हज़ार लोग। तुम उन्हीं लोगों के वंशज हो — चाहे तुम किसी भी जाति के हो, किसी भी देश के हो, किसी भी धर्म के हो।34

🔬 शोध और तथ्य
Harvard Medical School और CCMB India की joint research बताती है कि भारत में कोई भी समूह genetic purity का दावा नहीं कर सकता। हर भारतीय — चाहे किसी भी जाति का हो — दो ancient groups का mix है: Ancestral North Indians (ANI) और Ancestral South Indians (ASI)। DNA में कोई Brahmin नहीं होता, कोई Dalit नहीं होता। जो “शुद्ध जाति” का concept है, वो DNA में कहीं नहीं मिलता। मिलता है तो सिर्फ इंसान — एक जैसा, एक ही अफ्रीकी पूर्वज से निकला हुआ।

यानी वो “दुश्मन” जिससे तुम नफ़रत करते हो — असल में तुम्हारा बहुत पुराना रिश्तेदार है।

 पहचान थमाई जाती है — और हम मान लेते हैं

दुनिया के सबसे ज़्यादा पढ़े जाने वाले इतिहासकारों में से एक Yuval Noah Harari ने अपनी किताब Sapiens में एक बड़ी बात कही — जाति, राष्ट्र, धर्म — ये सब “Imagined Orders” हैं। यानी ऐसी चीज़ें जो सिर्फ इसलिए exist करती हैं क्योंकि बड़ी संख्या में लोग इन्हें सच मानते हैं।5

उदाहरण — पैसा। एक ₹500 का नोट असल में सिर्फ कागज़ है। लेकिन हम सब मिलकर मानते हैं कि इसकी कीमत है — इसलिए इसकी कीमत है। अगर कल सभी लोग इसे मानना बंद कर दें, तो वो कागज़ रद्दी हो जाए।

ठीक ऐसे ही — जाति एक social fiction है। देश की सीमाएँ एक social fiction हैं। वो लकीरें जो नक्शे पर हैं, ज़मीन पर सिर्फ पत्थर हैं, दो तरफ एक जैसी मिट्टी है। लेकिन हम उन लकीरों के लिए जान दे देते हैं।

इसका मतलब यह नहीं कि संस्कृति, परंपराएँ, या धर्म बुरे हैं।

इसका मतलब है: जो चीज़ें इंसानों ने बनाई हैं — वो बदली भी जा सकती हैं, सुधारी भी जा सकती हैं। कोई भी इंसानी व्यवस्था “अंतिम सत्य” नहीं है। जो लोग इन्हें सवाल करते हैं — वो इन्हें कमज़ोर नहीं करते, बल्कि बेहतर बनाने का रास्ता खोलते हैं।

तो फिर असली पहचान क्या है?

जो तुमने खुद बनाई। जो तुमने चुनी। जो तुमने सोच-समझकर अपनाई।

तुम्हारा ईमान — जो तुमने खुद तय किया। तुम्हारी सोच — जो तुमने खुद विकसित की। तुम्हारा किरदार — जो तुमने अपने हर फैसले से बनाया। तुम्हारी knowledge — जो तुमने खुद पढ़कर, सोचकर, सवाल पूछकर हासिल की।

यही असली पहचान है। बाकी सब — वो address है जो किसी ने तुम्हें दिया। Address बदल सकता है। पहचान बनानी पड़ती है।

TH Desk
✍ लेखक के बारे में

The Hindia — सोचो। समझो। बदलो।

✦ और पढ़ो
Related Articles